यहां जानिए आपके पसंदीदा डेनिम के सही देखभाल का तरीक़ा




जीन्स जिस तरह दुनियाभर के लोगों के बीच, फिर वो चाहे महिलाएं हों, पुरुष हों, बच्चे, बड़े या टीनएजर्स ही क्यों न हों, लोकप्रिय है हम आश्वस्त हैं कि आपको पता होगा ही कि इसे मुख्य रूप से कारखानों में शारीरिक श्रम करने वाले कर्मचारियों के बनाया गया था. एक ऐसा पैंट, जो कठिन कामों को करते हुए ज़्यादा गंदा न हो और जिसे बार-बार धोने की ज़रूरत न पड़े. और यदि आप डेनिम से जुड़ी इस सच्चाई के बारे में नहीं जानते थे तो भी कोई बात नहीं. अब तो आप जान गए हैं ना! तो लगे हाथों हम ये भी बता रहे हैं कि आप किस तरह अपने पसंदीदा डेनिम यानी जीन्स का ख़्याल रखें, ताकि वो लंबे, बहुत लंबे समय तक आपका साथ निभाता रहे. आइए जानें...

जीन्स को जितना कम धोएं, उतना ही अच्छा बना रहेगा
जीन्स को जल्दी-जल्दी बिल्कुल नहीं धोया जाना चाहिए इससे कई लीटर पानी तो बर्बाद होता ही है, पर पानी और डिटर्जेंट जीन्स को बदरंग भी बना देते हैं. एक जाने-माने जीन्स के ब्रैंड के सीईओ ने बहुत पहले एक सम्मेलन में इस बात को स्वीकार किया था कि उन्होंने आज जो जीन्स पहना हुआ है, उसे सालभर पहले ख़रीदा गया था और उन्होंने इसे इस बीच एक बार भी नहीं धोया है. वहीं डिज़ाइनर टॉमी हिलफ़िगर भी इस बात की तस्दीक करते हैं कि जीन्स को जल्दी-जल्दी नहीं धोया जाना चाहिए, क्योंकि इससे जीन्स ख़राब हो सकता है.

दो से छह महीने तक के इस्तेमाल के बाद धोएं
यदि आपके मन में यह ख़्याल आ रहा है कि इसे कितने अंतराल बाद धोना सही रहेगा तो यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कितनी बार पहनते हैं, कितना और किस तरह इस्तेमाल करते हैं. जीन्स के प्रकार और उसके इस्तेमाल के आधार पर इसे दो से छह महीने के अंतराल पर धोना सही होता है.

यूं पता करें कि इसे कब धोना है
दूसरे कपड़ों की तुलना में जीन्स की उम्र अलग होती है. जीन्स पहनते हुए जब आपको ऐसा लगे कि यह हिप के पास से झूल रहा है, घुटनों के पास वाला हिस्सा खिंचा हुआ लग रहा है या घुटने के पीछे वाले हिस्से के कपड़े पर सलवटें आने लगी हैं और जीन्स कमर से बहुत ही ढीला हो रहा है... तब समझ जाइए कि इसे धोने का समय आ गया है.

जब लग जाए कोई दाग़
यदि जीन्स पर कोई दाग़ लग गया हो तब भी उसे धोने में डालने से बेहतर होगा कि आप पानी और ब्रश की सहायता से उस दाग़ को निकालने की कोशिश करें. दाग़ यदि पानी और ब्रश से नहीं निकल रहा है तो आप किस डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसका भी ध्यान रखा जाना ज़रूरी है. आप किसी सौम्य डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें, ताकि इससे जीन्स को कोई नुक़सान न पहुंचे.


जीन्स को वॉशिंग मशीन और ड्रायर से दूर रखें
जी हां, आपने सही पढ़ा. यदि आप चाहते हैं कि आपका पसंदीदा डेनिम आपका लंबे समय तक साथ निभाए (जिसके लिए इसे बनाया भी गया है!) तो बहुत अच्छा होगा कि आप इसे वॉशर और ड्रायर से दूर रखें. ऐसा करने से आपके जीन्स का रंग जस का तस बना रहेगा. यदि आपने किसी अच्छे ब्रैंड का डेनिम ख़रीदा है तो आप उसे धोने के लिए उस जीन्स पर लिखे निर्देशों का पालन करें.



जब लगे कि जीन्स फ्रेश नहीं लग रहा
जब आपको ऐसा लगे कि जीन्स फ्रेश नहीं लग रहा है तो स्नान करते समय जीन्स को अपने साथ वॉशरूम में ले जाएं और इसे फैलाकर वहां टांग दें. जब तक आप गर्म पानी से स्नान करेंगे, इस पानी की भाप आपके जीन्स को रिफ्रेश कर देगी. इसे आज़मा कर देखिए.

गर्म पानी से कभी न धोएं   
पानी चाहे गर्म हो या ठंडा ये आपके डेनिम के रंग को फीका करेगा और उसे सिकोड़ देगा. यदि आप अपने स्किनी जीन्स को गर्म पानी में धोएंगी तो पहले वो कपड़े को हल्का ढीला कर देगा और फिर सिकोड़ देगा. इस प्रक्रिया में जीन्स अपनी पहले-सी चमक खो देगा.

यूं धोएं इसे
जीन्स को इस तरह धोना बहुत आसान है कि उसका मौलिक रंग वैसा ही बना रहे, जैसा कि वह उसे ख़रीदते समय था. ठंडे पानी में एक कप वाइट विनेगर डालिए और इसमें जीन्स को डुबो दीजिए. इसे घंटेभर तक डूबा रहने दीजिए और फिर निकाल कर सुखा दीजिए. यदि आपको लग रहा है कि सूखने पर आपके जीन्स से विनेगर की गंध आएगी तो बता दें कि ऐसा बिल्कुल नहीं होगा, क्योंकि जैसे ही पैंट सूखेगा यह गंध उड़ जाएगी. इसका बोनस ये होगा कि आपके जीन्स का रंग बिल्कुल वैसा का वैसा ही रहेगा.
यदि आप वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो मशीन को हैंड-वॉश सेटिंग पर रखें और विनेगर डाल कर धोएं. डिटर्जेन्ट का इस्तेमाल न करें. जैसा कि हम पहले ही बता चुके हैं कि डिटर्जेन्ट आपके जीन्स पर अच्छा प्रभाव नहीं डालते हैं.

इसे सुखाने का भी है ख़ास तरीक़ा  
इसे सुखाने के लिए ऐसी जगह चुनें जो खुली हुई हो, जहां हवा आती हो, लेकिन सूरज की सीधी किरणें न पड़ती हों. सूरज की सीधी किरणें आपके जीन्स के रंग को ब्लीच कर के हल्का कर सकती हैं.

जब इसे वॉशिंग मशीन में धोएं
* वॉशिंग मशीन को जेंटल या डेलिकेट पर सेट करें.
* मशीन को ठंडे पानी की सेटिंग पर रखें.
* अपने जीन्स को उल्टा (अंदर का हिस्सा बाहर की ओर) कर लें.
* इसके साथ केवल दूसरे डेनिम के कपड़ों को ही धोएं.
* डिटर्जेन्ट की जगह विनेगर का इस्तेमाल करें.
* मशीन में सुखाने की बजाए जीन्स को बाहर, हवा में सुखाएं. ऐसी जगह, जहां सूरज की सीधी किरणें इस पर न पड़ती हों.

No comments

Random Posts

randomposts