यदि आप अपनी त्वचा की रंगत को निखारते हुए उसे
स्वस्थ चमक देना चाहती हैं तो जान लीजिए कि यह काम बहुत मुश्क़िल नहीं है.
खिली-निखरी रंगत पाने के लिए बस आपको रोज़ाना अपनी त्वचा को 10-15 मिनट का समय देना
होगा. पर केवल त्वचा की देखभाल का रूटीन सही रख कर ही आप भी खिली-निखरी और कोमल
त्वचा नहीं पा सकतीं. इसके लिए आपको अपने खानपान पर भी पूरा ध्यान देना होगा. आइए जानें, कैसे रख सकती हैं आप त्वचा का ख़्याल...
त्वचा की देखरेख का रूटीन सेट करें:
घर से बाहर निकलते ही आपकी त्वचा को क्या कुछ नहीं सहना पड़ता: पर्यावरण का
प्रदूषण, धूल-मिट्टी, धूप और पसीना. अत: बहुत ज़रूरी है कि रोज़ाना त्वचा की अच्छी
तरह देखभाल की जाए. शाम को घर लौटने पर चेहरे पर जमा धूल-गंदगी आदि को हटाने के
लिए आप एक सौम्य फ़ेस वॉश से अपना चेहरा धोएं. उसे थपथपाते हुए सुखाएं और फिर
मॉइस्चराइज़र लगाएं. रात को सोने से पहले चेहरे पर नाइटक्रीम लगाना न भूलें.
नाइटक्रीम्स रातभर में आपके चेहरे पर काम करती है और सुबह आपको अपना चेहरा
खिला-खिला नज़र आता है. इसी तरह घर से बाहर निकलने के पहले अपनी त्वचा के प्रकार के
अनुसार सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना भी ज़रूरी है, ताकि आपकी त्वचा सूर्य की यूवी
किरणों के दुष्प्रभाव से बच सके.
सप्ताह में एक बार ज़रूर इस्तेमाल करें फ़ेस पैक: ज़रूरी नहीं कि आप बाज़ार से ही कोई फ़ेस पैक ख़रीदें. अपनी त्वचा के अनुसार घर
पर किचन में मौजूद इन्ग्रीडिएंट्स की सहायता से फ़ेस पैक बनाएं और लगाएं. इससे आपकी
त्वचा को अपनी ज़रूरत भर का आराम और पेम्पिरिंग मिलेगी. यक़ीन मानिए एक सप्ताह में
एक बार ख़र्च किए गए ये 15 मिनट आपकी त्वचा में ऐसा निखार और आकर्षण ले आएंगे कि आप
सुखद आश्चर्य से भर जाएंगी.
त्वचा को एक्स्फ़ॉलिएट करना है ज़रूरी:
त्वचा पर जमी मृत कोशिकाएं आपकी त्वचा की रंगत को दबा हुआ दिखाती हैं. अत: बहुत
ज़रूरी है कि आप सप्ताह में कम से कम एक बार अपनी त्वचा को एक्स्फ़ॉलिएट करें. त्वचा
की मृत कोशिकाओं के हटते ही आपकी त्वचा में तुरंत निखार नज़र आएगा.
अपनी डायट पर दें ध्यान: जब
त्वचा की रंगत भीतर से निखरती है तो वो लंबे समय तक टिकी रहती है. हम जैसा खाना खाते
हैं, हमारी त्वचा उसी तरह की नज़र आती है. आप ख़ुद इस बात को महसूस कर सकती हैं. तला-भुना
खाना त्वचा के लिए अच्छा नहीं होता, बावजूद इसके हम नहीं कहेंगे कि आप इसे खाना बिल्कुल
बंद कर दें. लेकिन यह ज़रूर कहेंगे कि धीरे-धीरे सेहतमंद खान-पान की ओर क़दम बढ़ाएं. जब
स्नैक्स खाने का मन हो तो बजाय तली-भुनी चीज़ों के इस समय ड्राइ फ्रूट्स, फ्रूट्स या
फिर रोस्टेड स्नैक्स खाना शुरू करें. कुछ ही दिनों में आपको अपनी त्वचा की रंगत बेहतर
महसूस होने लगेगी.
एक्सरसाइज़ के लिए निकालें समय: यदि आप नियमित रूप से वर्कआउट करती हैं तो आप ख़ुद ही इस बात
को महसूस कर चुकी होंगी कि कसरत करने से त्वचा में चमक आ जाती है. यदि आप नियमित रूप
से एक्सरसाइज़ नहीं करती हैं तो ऐसा कर के देखें. क्योंकि जब आपको इसका असर त्वचा पर
दिखेगा तो आपको अपनी त्वचा से प्यार हो जाएगा.
पानी पीती रहें: डीहाइड्रेटेड
रहने से यानी कम पानी पीने से आपकी त्वचा मुरझाई हुई नज़र आती है. यदि आप पर्याप्त मात्रा
में पानी पिएंगी तो आपकी त्वचा में आई चमक, उसकी निखरी रंगत आपको ख़ुद ही भली लगेगी.
यदि आप उन लोगों में से हैं, जिन्हें कब पानी पीना है इस बात का एहसास नहीं हो पाता
तो अपने स्मार्ट फ़ोन पर प्ले स्टोर का रुख़ कीजिए. वहां एक से बढ़कर एक ऐसे ऐप्स उपलब्ध
हैं, जो आपको सही समय पर पानी पीने की याद दिलाते रहेंगे. यानी यदि आप त्वचा की रंगत
निखारना चाहती हैं तो पानी की कमी को दूर करती रहें.
त्वचा के अनुसार चुनें स्किन प्रोडक्ट्स: त्वचा
की रंगत को निखारने के लिए सबसे ख़ास बात ये है कि आप अपने लिए स्किन केयर प्रोडक्ट
चुन रही हों या फिर मेकअप प्रोडक्ट्स ये सभी अपनी त्वचा के प्रकार को ध्यान में रखते
हुए चुनें. अगर इनमें एसपीएफ़ हो तो यह और भी बेहतर होगा. त्वचा के अनुसार प्रोडक्ट्स
चुनने से आपको बेहतर फ़ायदे मिलेंगे. और हां, यदि आप मेकअप करती हैं तो मेकअप प्रोडक्ट्स
को चेहरे पर से हटाए बिना बिल्कुल न सोएं.
ये
छोटी-छोटी बातें यदि आप अमल में ले आएंगी तो आपको तो अपनी त्वचा की रंगत में ख़ुद ब
ख़ुद सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा ही, पर आपके जान-पहचान के लोग भी आपकी त्वचा को लेकर
आपको कॉम्प्लिमेंट्स देंगे.

No comments