आपने कल ही तो अपनी दोस्तों के साथ पार्टी का प्लान
बनाया था और कल तक उसका नामोनिशान भी नहीं था. सुबह आईने में मुंह निहारते ही आप
दंग रह गईं, क्योंकि वो बिन बुलाया मेहमान रात को ही आपके चेहरे पर आ धमका. जी
हां, हम मुहांसे यानी पिम्पल की बात कर रहे हैं. ऐसे आप सोच रही होंगी कि कोई
बहाना ढूंढ़ कर पार्टी में जाने से मना कर दिया जाए. लेकिन अब इसकी कोई ज़रूरत नहीं,
क्योंकि हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे घरेलू नुस्खों के बारे में जो बहुत कारगर हैं
और कुछ घंटों में ही आपके मुहासे के आकर को घटा देंगे. फिर आप मेकअप का इस्तेमाल
कर इन्हें पूरी तरह छुपा लीजिए और दोस्तों के साथ पार्टी के धमाल का पूरा मज़ा
लीजिए. आइए जाने उन जादुई चीज़ों के बारे में जो आपको मुहांसों से झटपट निजात दिला
देंगी...
केले का छिलका
यदि आपको केले पसंद हैं तो यह जानने के बाद आपको अब केले के छिलके भी ख़ूब पसंद
आने लगेंगे कि उनमें मुहांसों को ठीक करने की क्षमता होती है. ये तो हम जानते ही
हैं कि केले में पोटैशियम, विटामिन और मिनरल्स होते हैं, इनकी कुछ मात्रा उसके
छिलके में भी मौजूद होती है. मुहांसे के इलाज के लिए आप पके हुए केले के छिलके का
छोटा-सा टुकड़ा काटें और इसके अंदर के सफ़ेद हिस्से को सीधे ही मुहांसे पर मलें.
लगभग 10-12 मिनट मलने के बाद चेहरा धो लें. इसे दिन में दो बार दोहराएं और आप
पाएंगी कि मुहांसे का आकार घट रहा है और वह ठीक हो रहा है.
दालचीनी- शहद
दालचीनी और शहद ऐसी सामग्रियां हैं, जो हमारे किचन
में हमेशा ही मौजूद रहती हैं. जहां दालचीनी में त्वचा को राहत पहुंचाने वाले
ऐंटीइन्फ़्लैमटॉरी गुण होते हैं, वहीं शहद में ऐंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं. इन
दोनों सामग्रियों को मिलाने पर एक ऐसा पेस्ट तैयार होता है, जिसमें मुहांसों को सुखाने
और त्वचा को राहत देने के गुण होते हैं. दालचनी
के पाउडर में शहद की इतनी मात्रा मिलाएं कि एक गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाए. अब इसे
सीधे ही मुहांसे पर लगा दें. इसे आधे घंटे तक मुहांसों पर लगा रहने दें और फिर
चेहरा धो लें. इस मिश्रण को एक दिन में एक बार ही इस्तेमाल करें.
ऐलो वेरा-लहसुन
ऐलो वेरा के ऐंटीऑक्सिडेंट गुणों से हम सभी वाक़िफ़
हैं. इसे त्वचा के लिए बेहतरीन माना जाता है. वहीं लहसुन में ऐंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, क्योंकि इसमें नैचुरल केमिकल ऐलिसिन
पाया जाता है. जब इनके ये गुण मिलते हैं तो ये चेहरे पर मौजूद मुहांसो को तीव्रता
से ठीक करते हैं. मुहांसो पर इसके इस्तेमाल के लिए लहसुन की कुछ कलियों का पेस्ट
बनाएं. इसमें थोड़ा ऐलो वेरा का ताज़ा गूदा मिलाएं और एकसार पेस्ट बना लें. इस
मिश्रण को भी सीधे ही मुहांसों पर लगाएं. लगभग 15-20 मिनट लगा रहने दें और फिर
चेहरा धो लें. मुहांसों के ठीक होने तक इस पेस्ट को रोज़ाना दिन में एक बार इसका
इस्तेमाल करें.
बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा में त्वचा को एक्स्फ़ॉलिएट करने के गुण होते हैं और यह त्वचा पर
मौजूद अतिरिक्त तेल यानी ऑइल को सोखने में भी कारगर होता है. यही नहीं, त्वचा पर
होने वाली जलन को कम करने के अलावा यह त्वचा के पीएच स्तर का संतुलन बनाने में भी
मददगार है. इसे मुहांसे के विरुद्ध हथियार की तरह इस्तेमाल करने के लिए थोड़े
बेकिंग सोडे में इतना पानी मिलाएं कि थोड़ा गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाए. इसे भी सीधे
मुहांसे पर लगाएं और 10 मिनट बाद चेहरा धो लें. इसका इस्तेमाल एक दिन छोड़कर करें.
इसके नतीजे आपको बहुत ही जल्द नज़र आएंगे.
बर्फ़
बर्फ़ यानी आइस भी मुहांसों से निजात पाने का असरदार
हथियार है. जब इसे चेहरे पर लगाया जाता है तो यह त्वचा में सिकुड़न पैदा करता है,
जिससे रक्त नलियां भी सिकुड़ जाती हैं और मुहांसे भी. इसे इस्तेमाल करने के लिए एक
कपड़े में बर्फ़ के टुकड़े को लपेटें या फिर सीधे ही बर्फ़ के टुकड़ा ले कर उसे मुहांसे
के ऊपर रखें और कुछ मिनटों तक यूं ही रखा रहने दें. दिन में दो बार यानी एक बार
सुबह व दूसरी बार शाम को इसे दोहराएंगी तो मुहांसों से जल्द ही निजात मिल जाएगी.
ऐस्प्रिन
यदि आप यह बात जानती हैं
कि ऐस्प्रिन दर्द से मुक्ति पाने की दवा है तो यह भी जानती होंगी कि इसमें ऐसिटिलसैलिसिलिक
ऐसिड होता है. यह सैलिसिलिक ऐसिड वाला इन्ग्रीडिएंट है, जो ऐंटी-एक्ने क्रीम्स व जेल
में पाया जाता है. सैलिसिलिक ऐसिड में चेहरे पर मौजूद तेल और डेड स्किन सेल्स को हटाने
के गुण होते हैं. ऐस्प्रिन को मुहांसे हटाने के लिए इस्तेमाल करना बहुत आसान है. आप
इसे अच्छी तरह पीस लें और पानी के साथ मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को रात
को सोते समय मुहांसों पर लगाएं और रात भर लगा रहने दें. सुबह उठ कर मुंह धोने पर आप
पाएंगी कि मुहांसा सिकुड़ गया है.







No comments